Muzaffar Municipal

मुजफ्फरनगर - पालिका ने दूर संचार कंपनी के खिलाफ दी तहरीर

शहर के अनेक स्थानों पर बिना अनुमति केबल डालने के लिए खोद दिए गड्ढे

मुजफ्फरनगर - पालिका ने दूर संचार कंपनी के खिलाफ दी तहरीर
X

संवाद न्यूज एजेंसी

मुजफ्फरनगर। शहर के अनेक स्थानों पर बिना अनुमति केबल डालने के लिए गहरे गड्ढे खोद दिए जाने के मामले में दूर संचार कंपनी और उसके कर्मचारी के खिलाफ नगर पालिका प्रशासन ने थाने में तहरीर दी है। पालिका खोदे गए गड्ढों से होने वाले आर्थिक नुकसान की भरपाई भी करेगी।

दूर संचार कंपनी के संजीव ने 14 फरवरी 2024 को नगरपालिका परिषद के स्वामित्व वाली सड़कों और भूमि पर कंपनी की केबल डालने के लिए अनुमति मांगी थी। कंपनी की ओर से शहर के साकेत काॅलोनी से सिसौना रोड, अहिल्याबाई चौक, पाल धर्मशाला, रुड़की रोड और आइस फैक्टरी सरवट रोड, तिरुपति पैलेस रोड, हीरो मोटर शोरूम रुड़की रोड तक केबल डालने की जानकारी पालिका को दी थी।

इसके लिए विभागीय आख्या के तहत निर्माण विभाग ने सात मार्च को कंपनी को लिखे पत्र में बताया था कि रोड कटिंग चार्ज के रूप में 1,11,810 रुपये पालिका में जमा कराए जाने के उपरांत ही अनुमति दी जाएगी। इसके बाद पैसा जमा नहीं कराया गया और पालिका से अनुमति प्राप्त किए बिना ही कंपनी ने तीन वर्ग मीटर व्यास में गहरे गड्ढे खुदवा दिए गए।

पालिका ईओ प्रज्ञा सिंह ने निर्माण विभाग से रिपोर्ट तलब की। इसमें पालिका को क्षति पहुंचाए जाने की पुष्टि होने पर उन्होंने 20 मार्च को पालिका के निर्माण विभाग के एई अखंड प्रताप सिंह को कंपनी और उसके कर्मचारी संजीव के खिलाफ सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराने के निर्देश दिए थे। एई अखंड प्रताप ने ईओ के निर्देश पर भारती एयरटेल कंपनी और कर्मचारी संजीव के खिलाफ संबंधित आरोपों के तहत थाना सिविल लाइन में तहरीर दी गई।

Next Story
Share it