मजदूरी नहीं देने पर रांची की आदिवासी महिलाएं पहुंची सारठ थाना
सारठ थाना में आदिवासी महिलाओं ने संवेदक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है, जिन्होंने तीन महीने तक काम करने के बावजूद उन्हें मजदूरी नहीं दी।

सारठ प्रतिनिधि सारठ थाना निवासी संवेदक द्वारा रांची की आदिवासी महिलाओं को काम कराने के बाद मजदूरी नहीं देने की शिकायत लेकर मंगलवार को सारठ थाना पहुंची। रांची के रातू थाना क्षेत्र की अंशु खलखो, उषा कच्छप, सुकरो उरांव तथा वीणा कुमारी ने बताया कि सारठ थाना क्षेत्र के जरकाही गांव निवासी सलाउद्दीन अंसारी रांची के नैनो टावर में संवेदक था। वहां सभी महिलाएं मजदूरी करती थी। लगातार तीन महीने तक काम करने के बावजूद संवेदक द्वारा उनलोगों को मजदूरी नहीं देने की बात कही गयी। महिलाओं ने कहा कि संवेदक से मजदूरी मांगने पर गाली-ग्लौज करते हुए अपमानित किया जाता था। किसी भी कीमत पर मजदूरी नहीं देने की धमकी दी गयी। महिलाओं ने बताया कि संवेदक द्वारा उनलोगों का 48 हजार रुपए मजदूरी बांकी रख लिया गया है। इससे उनलोगों के समक्ष विकट आर्थिक समस्या उत्पन्न हो गई है। महिलाओं की शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।

