Muzaffarnagar News: फांसी पर लटका मिला विवाहिता का शव, दहेज हत्या का आरोप
तितावी में विवाहिता का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। मायका पक्ष ने हंगामा करते हुए दहेज की मांग पूरी न करने पर हत्या का आरोप लगाया है।

मुजफ्फरनगर, तितावी। तितावी में विवाहिता का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। मायका पक्ष ने हंगामा करते हुए दहेज की मांग पूरी न करने पर हत्या का आरोप लगाया है। पति सहित पांच आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। हापुड़ निवासी नेहा (30) की शादी सात साल पहले तितावी निवासी सोनू उर्फ अरुण के साथ हुई थी। नेहा की एक बहन की भी शादी इसी गांव में हुई है। नेहा ने एक बेटे और एक बेटी को जन्म दिया। पति तितावी मिल में मजदूरी करता है। जेठ ओर जेठानी मुजफ्फरनगर एक प्राइवेट अस्पताल में नौकरी करते हैं। कई दिन से किसी घरेलू बात को लेकर नेहा व उसके पति में विवाद चल रहा था । रविवार को दोनों में झगड़ा हुआ था। तब नेहा अपनी बहन के यहां चली गई। शाम को वापस अपने घर आ गई। सुबह साढ़े पांच बजे छत के पंखे के कुंडे में रस्सी के फंदे पर उसका शव लटका मिला
परिजनों का कहना है कि सुबह जब पति सोनू उर्फ अरुण की आंख खुली तो पत्नी का फांसी के फंदे पर लटका शव देख कर उसने परिजनों को सूचना दी और शव उतारा। सूचना देने पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया। मामला संदिग्ध मानते हुए पति सोनू उर्फ अरुण, ससुर कर्णवीर को पुलिस थाने ले गई। उधर सूचना पाकर नेहा के परिजन भी बेटी की ससुराल पहुंचे और वहां मामले की जानकारी लेने के बाद उन्होंने हत्या का आरोप लगाकर हंगामा किया

