नगर पालिका में फिर से करोड़ों के 22 निर्माण कार्यों के टेंडर निरस्त
Muzaffar-nagar News - मुजफ्फरनगर नगर पालिका ने 22 निर्माण कार्यों के टेंडर निरस्त कर दिए हैं। जांच में टेंडर में गड़बड़ी, बिना अनुभव के टेंडर डालने और अन्य खामियों का पता चला। अब नगर पालिका पुनः टेंडर प्रक्रिया शुरू करेगी।...

मुजफ्फरनगर। नगर पालिका में फिर से करोड़ों की धनराशि से होने वाले 22 निर्माण कार्यों के टेंडर निरस्त हो गए हैं। जांच के दौरान इन निर्माण कार्यों के टेंडर में गड़बड़ी पकड़ी गई। बिना अनुभव के टेंडर डाले गए। शपथ पत्र पर नाम भी नहीं पाए गए हैं। इसके अलावा अन्य कई खामियां प्रकाश में आई हैं। अब नगर पालिका उक्त निर्माण कार्यों के लिए पुन: टेंडर कराएगी। शहरी क्षेत्र में 15वें वित्त आयोग की करीब 12 करोड की धनराशि से करीब 57 निर्माण कार्य होने हैं। नगर पालिका के द्वारा उक्त निर्माण कार्य कराने के लिए टेंडर निकाले गए। ठेकेदारों के द्वारा 57 निर्माण कार्यों के लिए टेंडर डाले गए हैं। इस दौरान कुछ ठेकेदारों के द्वारा टेंडर डालने में गडबडी की गई है। दस्तावेजों में हेरा फेरी की गई है। शपथ पत्र पर नाम नहीं लिखा गया है। बिना अनुभव के टेंडर डाले गए है। इस तरह की बाते टेंडरों की जांच होने पर सामने आयी है। जिस कारण करीब 22 टेंडर को निरस्त कर दिया गया है। जांच में 35 टेंडर सही पाए गए है। एई अखंड प्रताप सिंह ने बताया कि करीब 22 निर्माण कार्यों के टेंडर सहीं नहीं पाए गए हैं। उक्त निर्माण कार्यों के टेंडर के लिए पुन: निविदा कराई जाएगी।

